Skip to Content

लैव्यव्यवस्था Chapter 12

1 फिर यहोवा ने मूसा से कहा, 2 “इस्राएलियों से कह : जो स्त्री गर्भवती होकर लड़के को जन्म देती है तो वह सात दिन तक अशुद्ध रहेगी; जिस प्रकार वह ऋतुमती होकर अशुद्ध रहा करती। 3 और आठवें दिन लड़के का खतना किया जाए। ⓐ 4 फिर वह स्त्री अपने शुद्ध करनेवाले रुधिर में तैंतीस दिन रहे; और जब तक उसके शुद्ध हो जाने के दिन पूरे न हों तब तक वह न तो किसी पवित्र वस्तु को छूए, और न पवित्रस्थान में प्रवेश करे। 5 और यदि उसके लड़की पैदा हो, तो उसको ऋतुमती की सी अशुद्धता चौदह दिन की लगे; और फिर छियासठ दिन तक अपने शुद्ध करनेवाले रुधिर में रहे। 6 “जब उसके शुद्ध हो जाने के दिन पूरे हों, तब चाहे उसके बेटा हुआ हो चाहे बेटी, वह होमबलि के लिये एक वर्ष का भेड़ का बच्‍चा, और पापबलि के लिये कबूतरी का एक बच्‍चा या पंडुकी मिलापवाले तम्बू के द्वार पर याजक के पास लाए। 7 तब याजक उसको यहोवा के सामने भेंट चढ़ाके उसके लिये प्रायश्‍चित्त करे; और वह अपने रुधिर के बहने की अशुद्धता से छूटकर शुद्ध ठहरेगी। जिस स्त्री के लड़का या लड़की पैदा हो उसके लिये यही व्यवस्था है। 8 और यदि उसके पास भेड़ या बकरी देने की पूँजी न हो, तो दो पंडुकी या कबूतरी के दो बच्‍चे, एक तो होमबलि और दूसरा पापबलि के लिये दे; और याजक उसके लिये प्रायश्‍चित्त करे, तब वह शुद्ध ठहरेगी।” ⓑ